अमरोहा। बुधवार सुबह मंडी समिति की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। सूचना पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि दुकान में सोलर पैनल की बैटरी फटने से आग लगी।
दस दिन में दूसरी बार मंडी समिति में लाग लगी। मंडी में दुकान संख्या सी-15 मैसर्स हबीब अहमद दिलशाद अहमद के नाम से आवंटित है। सुबह लगभग साढ़े चार बजे दुकान में तेज धमाके के साथ धुआं उठने लगा। वहां रहने वाले चौकीदार ने इसकी सूचना दुकान स्वामी व मंडी सचिव को दी। सूचना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता न मिलने पर मंडी सचिव ने सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियाें ने आग बुझाई। आग लगने से दुकान में रखे फल जल गए। मंडी सचिव अरविंद कुमार ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
पहले हुए अग्निकांड की चल रही जांच
दस दिन पहले मंडी समिति में हुए अग्निकांड की जांच अभी पूरी नही हुई थी कि फिर से मंडी की दुकान आग की चपेट में आ गई। पहले अग्निकांड में करोड़ों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। नुकसान व आग लगने के कारणों की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। जिसकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है। मंडी सचिव अरविंद कुमार के अनुसार आग लगने की सूचना विभागीय उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।