रजबपुर पुलिस ने महिला से छेड़खानी और लूट के मामले में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला रजबपुर थानाक्षेत्र के एक गांव का है। एसओ रमेश सहरावत ने बताया कि बछरायूं थानाक्षेत्र एक मोहल्ला निवासी महिला का आरोप है कि रजबपुर थानाक्षेत्र के महेशरा निवासी महेंद्र प्रजापति खुद को भाजपा का महामंत्री बताता है। उसने महिला को किसी काम से घर बुलाया था। आरोप है कि महेंद्र प्रजापति के साथ उसके साथी आकाश और उदय प्रताप भी थे। यहां महेंद्र प्रजापति ने महिला के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर महिला के हाथ की नस काट दी और मारपीट की। महिला का आरोप है कि महेंद्र प्रजापति के साथी आकाश व उदय प्रताप महिला के पर्स से पांच हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। जान से मारने की धमकी दी।
एसओ के मुताबिक महिला की शिकायत पर महेंद्र प्रजापति, आकाश और उदय प्रताप के खिलाफ छेड़खानी, लूट, मारपीट और धमकी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।