अमरोहा। दहेज के लिए ससुराल वालों ने विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अमरोहा नगर के मोहल्ला पीरगढ़ निवासी लालू कश्यप की बेटी शशि की शादी पां साल पहले मुरादाबाद के नागफनी थानाक्षेत्र के मोहल्ला चार खंबा रतनलाल के स्कूल के पास निवासी दिनेश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही पति और सास दहेज की मांग करने लगे। विरोध करने पर मारपीट करते थे। शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उत्पीड़न से आहत होकर अपने माता पिता से 50 हजार रूपये भी लाकर दिए। बावजूद उसके ससुराल वालों का रवैया नहीं सुधरा। पति और सास ने 15 दिन पहले विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। घर आने पर तेजाब डाल कर जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल विवाहिता अपने मायके में पिता के घर रह रही है। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसपी पूनम से की। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति दिनेश और सास रामवती के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।