फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरातियों और घरातियों में मारपीट, दूल्हा जान बचाकर भागा

विज्ञापन
विज्ञापन
गजरौला (अमरोहा)। दावत के दौरान कहासुनी के बाद बारातियों और घरातियों में मारपीट होने से अफरा तफरी मच गई। दूल्हा जान बचाकर एक महिला और परिचितों के साथ थाने पहुंचा। हरकत में आई थाना पुलिस तुरंत गांव में पहुंची। घटना की जानकारी ली। दोनों पक्षों ने बैठकर मामला रफा दफा किया। पुलिस की मौजूदगी में फेरे कराए गए।
विज्ञापन

मामला थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार शाम का है। गांव निवासी किसान की बेटी की संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव से बारात आई थी। थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि गुरुवार की शाम साढ़े पांच बजे दूल्हा और एक महिला सहित कई लोग थाने आए। आते ही कहा कि गांव में दावत के दौरान कहासुनी हो जाने पर गांव के लोगों ने बारातियों को घेर लिया है। सबकी पिटाई कर रहे हैं। वह किसी तरह जान बचाकर भागे हैं। कई लोग खेतों और दूसरे गांव में छिपे हैं। खबर मिलते ही वह और हल्का इंचार्ज उमेश कुमार गुप्ता थाना पुलिस के साथ गांव में पहुंचे। घटना की जानकारी ली। पता करने पर बताया गया कि बरात चढ़त के बाद दावत खाते समय कुछ लोग शराब के नशे में थे। खाना परोस रहे युवकों पर टिप्पणी करने पर विवाद हो गया था। दोनों तरफ से ही मारपीट हुई। मगर ग्रामीण, रिश्तेदार और परिचितों ने मिल बैठकर मामला निपटाने और शादी कराने की हामी भरी। इसके बाद थाने के कुछ पुलिसकर्मियों को गांव में छोड़ कर थाना प्रभारी वापस लौट आए। हल्का इंचार्ज उमेश गुप्ता और अन्य पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में फेरे हुए। थाना प्रभारी राजेश तिवारी का कहना है कि बारातियों ओर घरातियों में कहासुनी हो गई थी। अब मामला निपट गया है। पुलिस की मौजूदगी में फेरे कराए जा रहे हैं। पुलिस की टीम गांव में है।
दूल्हा बोला साहब अपने सामने करा दीजिए फेरे
गजरौला। दावत को लेकर हुए विवाद के बाद गांव का माहौल भी उग्र हो गया था। यहां ग्रामीणों ने बताया कि बारात में अधिकांश लोग शराब का सेवन किए हुए थे। जिससे विवाद हुआ। दोनों तरफ से मारपीट हुई। सूचना पाकर जब गांव में पुलिस पहुंची। पुलिस ने कन्या पक्ष और वर पक्ष के लोगों को बुला लिया। मामला रफा दफा करने के प्रयास शुरू हो गए। इस दौरान दूल्हे ने थाना प्रभारी से कहा कि साहब अपने सामने ही फेरे करा दीजिए। बारात चढ़त की बात कहने पर दूल्हा बोला कि अब बारात नहीं चढ़ानी। फेरे के बाद विदा कराकर सीधे घर जाएंगे।
विज्ञापन

नवादा में छिप गए थे दूल्हे के रिश्तेदार
गजरौला। बारात में कहासुनी के बाद मारपीट होने पर अफरा तफरी मच गई। बताया जाता है कि इस दौरान बाराती इस कदर डरे कि जिसको जहां मौका मिला, वहीं छिप गए। दूल्हे के चार रिश्तेदारों ने नजदीकी गांव नवादा में शरण ली। गांव में जब पुलिस पहुंची तो बारात में आईं कुछ महिलाओं ने कहा कि चार लोग नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चारों को गांव के लोगों ने गायब कर दिया है। पुलिस द्वारा ग्रामीणों से पूछताछ करने पर पता चला कि चारों पड़ोस के गांव नवादा में हैं। तब पुलिस ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें