अमरोहा के हसनपुर में डीजे पर डांस को लेकर घराती और बरातियों में मारपीट हो गई। इसके बाद दूल्हा नाराज होकर चला गया। मारपीट में एक बराती घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को गजरौला थाना क्षेत्र के गांव खुंगावली से एक बरात हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव कालका वाली डगरोली में गई थी। शाम करीब 4:00 बजे बरात चढ़त हो रही थी। इस दौरान डीजे पर डांस को लेकर बरात में आए युवकों और ग्रामीणों में मारपीट शुरू हो गई।
बताते हैं कि कुछ युवक दूल्हे के साथ भी मारपीट करना चाहते थे, इस दौरान दूल्हा नाराज होकर अपने रिश्तेदारों के साथ अपने घर चला गया। मारपीट में एक बराती भी घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर, नाराज दूल्हे को राजी करने के लिए कुछ लोग उसके गांव चले गए।
दूल्हे के चले जाने के बाद लड़की पक्ष के लोगों के हाथपैर फूल गए। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर गांव करनखाल में मढ़े की दावत में चल रहे डीजे पर डांस को लेकर हुई मारपीट में विपिन कुमार घायल हो गया।
विदाई के दौरान दूल्हा-दुल्हन पर पैसे लुटाने को लेकर विवाद, मारपीट
उधर, एक दूसरे मामले में शादी समारोह के बाद विदाई के दौरान दूल्हा-दुल्हन पर पैसे लुटाने को लेकर विवाद हो गया। जमकर मारपीट हुई। जिसमें दूल्हे के भाई समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस से शिकायत की गई है। रहरा थाना क्षेत्र के गांव चकफेरी निवासी युवक की बरात रविवार को हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाईखेड़ा में आई थी।
यहां रात करीब दस बजे दुल्हन की विदाई हो रही थी। दूल्हा और दुल्हन पर कुछ लोग पैसे लुटा रहे थे। इसी दौरान दूल्हे के साढ़ू ने उनसे चिल्लर की बजाय नोट फेंकने के लिए कहा। इसी को लेकर कहासुनी हो गई और मारपीट शुरू हो गई। जमकर लात-घूंसे चले। मारपीट में दूल्हे का भाई सुरेश और एक अन्य युवक घायल हो गया।
इसके बाद मामले को निपटने के लिए गांव में पंचायत भी हुई। लेकिन पंचायत में हल नहीं निकला तो रात में ही दूल्हे का भाई कार्रवाई के लिए थाने पहुंचा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।