आजमपुर गांव निवासी गोपाल सैनी (62) को सात नवंबर को बुखार आया था। परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप से उनका इलाज कराया। दवा से कोई आराम नहीं मिला। नौ नवंबर की रात को गोपाल सैनी की मौत हो गई। परिजनों ने गोपाल सैनी का अंतिम संस्कार किया। नौ नवंबर को गोपाल सैनी के छोटे भाई टीकाराम सैनी (52) को भी बुखार आ गया। परिजनों ने गांव के ही एक निजी चिकित्सक से उपचार कराया। सोमवार की रात को टीकाराम की भी मौत हो गई।
गोपाल सैनी के पुत्र देवराज सिंह ने बताया कि पिता व चाचा का गांव में ही उपचार कराया गया था। अब देवराज सिंह का सात साल का पुत्र बुखार से पीड़ित है। तीन दिन के भीतर बुखार से दो भाइयों की मौत से परिजन गमगीन हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सतीश भास्कर ने इस तरह की जानकारी से इनकार किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बुखार आदि की शिकायत पर प्रशिक्षित चिकित्सक से ही उपचार कराएं। संवाद
महिला डेंगू संक्रमित, मलेरिया आशंकित 51 लोगों की कराई जांच
अमरोहा।
जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को 60 वर्षीय महिला डेंगू पॉजिटिव मिली है। अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। मलेरिया आशंकित 51 लोगों की भी जांच कराई गई।
मौसम में बदलाव के बीच बड़ी संख्या में लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। डेंगू के मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। निजी से लेकर सरकारी अस्पतालों में बुखार व डेंगू आशंकित मरीजों की भीड़ है। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1120 मरीज पहुंचे, जिसमें बुखार पीड़ित ज्यादा थे। सुबह से ही अस्पताल में भीड़ लगी रही। डॉक्टर कक्ष और दवा वितरण कक्ष के अलावा एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड कराने के लिए मरीजों की लाइन लगी रही। पैथोलॉजी लैब पर भी जांच कराने वाले की भीड़ रही।
डॉक्टरों की सलाह पर जिला अस्पताल की डेंगू आशंकित नौ मरीजों की जांच पैथोलॉजी लैब में कराई गई। जिसमें जोया की रहने वाली 60 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं, मलेरिया आशंकित 51 लोगों की जांच कराई गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में बुखार के 15 मरीज भर्ती हैं। वहीं, डेंगू वार्ड में भर्ती तीन मरीजों का इलाज किया जा रहा है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि अस्पताल में भर्ती बुखार और डेंगू के मरीजों का इलाज किया जा रहा है।