देहात थाना क्षेत्र के हासमपुर गांव में बेटे ने जमीन के लिए दिनदहाड़े वृद्ध पिता को मार डाला। हथौड़े और सरियों से पिता पर तब तक वार करता रहा, जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया। सुबह दस बजे गांव में हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
सूचना पर एसपी, एएसपी, डिप्टी एसपी (प्रशिक्षु) गांव पहुंचे। ग्रामीणों से मामले की जानकारी की। पुलिस ने शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हासमपुर गांव निवासी किसान रामरतन सिंह (70) पुत्र रामचरन सिंह के नाम तकरीबन 100 बीघा जमीन है तथा तीन बेटे हैं।
विजयपाल व जितेंद्र शहर में रहते हैं, जबकि चमन गांव में रहता है। वृद्ध किसान अपने दोनों बेटों के साथ अमरोहा में रहता था। मझले बेटे चमन से उसका जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। वृद्ध दोनों बेटों के साथ अमरोहा में रहकर ही खेतीबाड़ी देखता था।
सोमवार की सुबह विजयपाल, जितेंद्र व रामरतन ट्रैक्टर लेकर खेत से लौट रहे थे। जैसे ही गांव में चमन के घर के सामने पहुंचे, यहां पर पहले से ही तैयार खड़ा चमन हाथ में हथौड़ा और सरिया लेकर दौड़ा। इस दौरान उसके ससुराल के कुछ लोग भी साथ बताए जा रहे हैं।
उनके हाथ में लकड़ी की फंटी थीं। चमन को गंड़ासा लेकर अपनी ओर आता देख विजयपाल व जितेंद्र ट्रैक्टर से कूद कर फरार हो गए, जबकि कूदते समय रामरतन की लुंगी ट्रैक्टर में फंस गई। वह औंधे मुंह ट्रैक्टर के आगे गिर गया। चमन ने हथौड़े और सरिया से सिर में वार कर पिता को मौत के घाट उतार दिया।
वह तब तक वार करता रहा, जब तक पिता ने दम नहीं तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। घटना से गांव और आसपास में सनसनी फैल गई। सूचना पर थानाध्यक्ष, एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी एसपी (प्रशिक्षु) आशीष प्रताप सिंह व पुलिस अधीक्षक डा. शिवा शिंपी चनप्पा गांव में पहुंचे। घटना के बारे में ग्रामीणों से जानकारी की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एसपी डॉ. शिवा शिम्पी चनप्पा ने कहा जमीन के लिए किसान की हत्या की गई है। परिजनों की ओर से मझले बेटे चमन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।