हसनपुर। गंगा एक्सप्रेस वे निर्माण के दौरान गांव मंगरौला में औद्योगिक गलियारा बनाए जाने के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण किए जाने की तैयारी चल रही है। इसी बीच ग्रामीणों ने इसका विरोध किया है। कहा कि किसी भी हाल में जमीन नहीं देंगे। कहीं दूसरे स्थान पर औद्योगिक गलियारा बनाया जाए। किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
गांव मंगरौला निवासी किसान सुधीर कुमार शर्मा का कहना है कि गंगा एक्सप्रेस वे बनने से पहले ही गांव की 1300 बीघा भूमि उसमें जा चुकी है। लेकिन अब औद्योगिक गलियारा बनाने के लिए करीब 2200 बीघा भूमि चिन्हित की गई है। यदि यह जमीन भी चली जाती है तो किसान भूमिहीन हो जाएंगे। किसानों ने बुधवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जमीन नहीं खरीदे जाने की मांग की। कहा कि इससे पहले 29 सितंबर को भी जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर विरोध जताया जा चुका है। लेकिन इस तरफ कोई सुनवाई नहीं हुई। किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन देने के बाद तहसीलदार और विधायक महेंद्र खड़गवंशी को भी ज्ञापन दिया। कहा कि चाहे जो हो जाए। हम अब एक इंच भी जमीन नहीं देंगे। ज्ञापन देने वालों में राकेश शर्मा, कुलदीप शर्मा, रिंकू गुर्जर, पंकज शर्मा, सचिन कुमार, महिपाल सिंह, यशपाल सिंह, जगत सिंह, बिजेंद्र सिंह, दीपक कुमार, हरसहाय प्रजापति, कमल सिंह, हिमांशू आदि रहे।