भाकियू चढ़ूनी गुट के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र उर्फ टेनी के पुतले फूंकने की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। इस दौरान किसान और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। किसानों ने गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त किए जाने की मांग की।
शुक्रवार की शाम भाकियू चढ़ूनी गुट के जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी के नेतृत्व में किसान इंद्रा चौक पर एकत्र हुए। यहां किसान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र उर्फ टेनी के पुतले का प्रतीक बनाकर फूंकने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने किसानों के हाथ से पुतले को छीन लिया। इस दौरान किसान और पुलिस की तीखी नोकझोंक भी हुई। किसी तरह थाना प्रभारी विनय कुमार ने समझाकर शांत किया। इस मौके पर किसानों ने कहा कि मीडियाकर्मियों से अभद्रता करने वाले केंद्रीय गृहराज्यमंत्री को उनके पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को अपने पद का अभिमान है। जिसके चलते वह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को भी कुचलने की कोशिश कर रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। रजिंदर सिंह धारीवाल, जाकिर अली, विकास चौधरी, पुष्पेंद्र सिंह चाहल, जसवंत सिंह, सेवाराम सिंह, कुलदीप चौधरी, नरेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, जयंत चौधरी, चंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।