रजबपुर। भाकियू चौधरी करतार सिंह गुट के पदाधिकारियों ने मंगलवार को रजबपुर में महापंचायत की। जिसमें किसानों ने बिजली, गन्ना भुगतान, बैंकिंग सुविधाओं सहित विभिन्न मुद्दों पर किसानों ने समस्याएं उठाईं। सूचना पर संबंधित विभागों के अधिकारी धरनास्थल पहुंचे और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
महापंचायत में पहुंचे नायब तहसीलदार ने किसानों को प्रस्तावित महाकारी डोर योजना की जानकारी दी। किसानों ने कहा कि किसी भी कीमत पर महाकारी डोर परियोजना को क्षेत्र में लागू नहीं होने दिया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी महावीर सिंह ने कहा कि यह परियोजना उनकी कृषि भूमि और आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगी। महापंचायत में मंगरौला से हरिद्वार तक प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की जानी है, उन्हें बाजार मूल्य से चार गुना मुआवजा दिया जाए। महाकारी डोर परियोजना और गंगा एक्सप्रेसवे के मुद्दे पर जल्द ही अन्य किसान संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि जब तक उचित मुआवजा और स्पष्ट नीति नहीं बनती, तब तक कोई भी किसान अपनी जमीन का बैनामा न करें।
जिलाध्यक्ष चौधरी सुखलाल सिंह गिल ने गन्ना किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग उठाते हुए कहा कि किसानों को समय पर भुगतान मिलना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। अध्यक्षता पूर्व प्रधान चौधरी पतराम सिंह ने व संचालन युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी जगदीश सिंह ने किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी चेतन सिंह, मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के मंडल अध्यक्ष मास्टर राजवीर सिंह, निरंकार सिंह, सुखेंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंह, अबरार खान, सुंदर सिंह मौजूद रहे।