अमरोहा। गांव रसूलपुर गुर्जर में जिला कारागार के निर्माण को लेकर किसानों ने विरोध जताया है। बुधवार को किसानों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जेल निर्माण के लिए जमीन देने से इन्कार कर दिया।
उन्होंने प्रशासन से प्रस्तावित जेल को किसी अन्य स्थान पर बनवाने की मांग की है। डीएम को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर को सौंपा। बुधवार को किसान एकत्र होकर कलक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी।
किसानों का कहना है कि पहले ही मध्य गंगा नहर परियोजना के तहत गांव की काफी कृषि भूमि अधिग्रहीत की जा चुकी है। अब जेल निर्माण के लिए जमीन चली गई तो कई किसान भूमिहीन हो जाएंगे। ग्राम प्रशासक ओमकार सिंह की अध्यक्षता में 23 अक्तूबर को गांव में सार्वजनिक बैठक हुई। इसमें ग्रामीणों ने कहा कि उनकी आजीविका का मुख्य साधन खेती है।
कृषि भूमि से ही परिवारों का भरण-पोषण होता है। ऐसे में जेल निर्माण के लिए जमीन देने से किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार, 26 अक्तूबर 2024 को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम गांव पहुंची थी। इसमें मुरादाबाद के जेलर और अमरोहा के एसडीएम भी शामिल थे। उस दौरान गांव में जिला कारागार बनाने का प्रस्ताव रखते हुए किसानों से भूमि देने के संबंध में चर्चा की गई थी लेकिन कोई भी किसान अपनी कृषि भूमि देने को तैयार नहीं हुआ था।
डीएम कार्यालय में डिप्टी कलक्टर को ज्ञापन देकर प्रस्तावित जेल को कृषि भूमि से हटाकर किसी दूसरे स्थान पर बनवाने की मांग की है।
साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान नरदेव सिंह, गौरव पवार, जयवीर सिंह, जितेंद्र सिंह, सतीश कुमार, रतिराम सिंह, मौजीराम, लाल सिंह आदि मौजूद रहे।