रजबपुर(अमरोहा)। घर से निकले किसान शीशपाल सिंह (35) का शव गांव के थोड़ी दूर आम के बाग में फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम में साक्ष्य जुटाए। पुलिस आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
किसान शीशपाल सिंह रजबपुर थानाक्षेत्र के पपसरा गांव के रहने वाले लंबरदार उर्फ खचेड़ू सिंह के बेटे थे। शीशपाल सिंह के परिवार में पत्नी पिंकी के अलावा दो बेटे हैं। परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा था।
रविवार की सुबह सात बजे शीशपाल सिंह घर से निकले थे, लेकिन, बाद में वह घर नहीं लौटे। परिजन तलाश करते हुए जंगल की तरफ पहुंचे तो आम के बाग में शीशपाल सिंह का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही रजबपुर थाना प्रभारी कोमल तोमर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गईं।
एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने साक्ष्य जुटाए। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।