किसान के लापता बेटे का शव अनूपशहर में घटनास्थल से छह किलोमीटर दूर गंगा में उतराता मिला। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अनुपशहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पड़ोस के गांव के रहने वाले दोस्त पर ही किसान के बेटे को गंगा में डुबोकर मारने का आरोप है। इकलौते भाई की मौत कर खबर मिलते ही बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस परिजनों की तहरीर का इंतजार कर रही है। आरोपी पुलिस की हिरासत में है।
देहात थानाक्षेत्र के सादपुर उर्फ शाहिदपुर गांव निवासी किसान उदयभान सिंह का 22 वर्षीय बेटा हेमंत कुमार को 19 मई की सुबह करीब 11 बजे पड़ोस के गांव बीवड़ा खुर्द का रहने वाला उसका दोस्त उसे घर से अपने साथ ले गया था। हेमंत कुमार रात तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता सताने लगी। परिजनों ने दोस्त से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका फोन बंद आ रहा था। इसके बाद पिता उदयभान ने दोस्त पर बेटे हेमंत के अपहरण का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कर आरोपी दोस्त को हिरासत में ले लिया। बारह घंटे तक चली पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को खूब बरगलाने की कोशिश की। कहा कि उसने हेमंत कुमार को उसी दिन अमरोहा नगर कोतवाली के पास छोड़ दिया था। बार-बार अपने बयान बदल रहे आरोपी पर पुलिस का शक गहराने लगा।
पुलिस ने हेमंत कुमार और उसके दोस्त के फोन की लोकेशन निकलवाई तो दोनों की आखिरी लोकेशन अनूप शहर के गंगा पुल के पास पाई गई। जिसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने कई अहम क्लू दिए। लिहाजा रविवार की दोपहर बाद थानाध्यक्ष बृजेश सिंह आरोपी को लेकर अनूपशहर के गंगा पुल पर पहुंचे। यहां गंगा किनारे से आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लापता हेमंत के जूते बरामद किए। जिसके बाद सामने आया कि आरोपी दोस्त ने हेमंत कुमार को गंगा में डुबा कर मार डाला है। देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी हेमंत कुमार का सुराग नहीं लग सका। जिसके बाद पुलिस वापस लौट आई थी। सोमवार की सुबह फिर पुलिस अनूपशहर में गंगा पुल के पास पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक को गंगा में तलाश कराना शुरू कर दिया। दोपहर करीब तीन बजे के बाद घटनास्थल पर करीब छह किलोमीटर दूर शव बरामद हुआ।
इस दौरान तहेरे भाई मुकेश, चुनमुन और जीजा अनुज ने हाथ में बंधी राखी, ओम, गले की चेन के आधार पर शव की पहचान हेमंत कुमार के रूप में की। शव पूरी तरह गल चुका था। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद अनूपशहर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।