डिडौली (अमरोहा)। दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से ट्रक की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डिडौली क्षेत्र के गांव मीरपुर निवासी कपिल पाल ने बताया कि उनके पिता उमराव सिंह 16 जून की सुबह गांव निवासी संजीव के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से मुरादाबाद सब्जी मंडी जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर चौधरपुर पुल के पास स्थित निजी अस्पताल के निकट पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आए ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में उमराव सिंह और संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उमराव सिंह को मुरादाबाद के निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेरठ के अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान 25 जून को उनकी मौत हो गई। हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मौजूद संजीव ने ट्रक का नंबर देख लिया था। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।