अमरोहा। मैजिक वाहन की टक्कर से घायल किसान त्रिलोक चंद्र (58) की पांच दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। सोमवार देर शाम शव गांव पहुंचने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर अमरपुर चौराहे पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक जाम के कारण आवागमन प्रभावित रहा। सूचना पर थाना अमरोहा देहात पुलिस के साथ कई थानों की पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया।
परिजनों के मुताबिक अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी त्रिलोक चंद्र दस अक्तूबर को गांव के पास सड़क किनारे घास काट रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मैजिक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर भाग गया। घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था।
सोमवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग का शव गांव पहुंचा तो परिजनों का आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अमरपुर चौराहे पर जाम लगा दिया। परिजनों ने घटना को लेकर हत्या की आशंका भी जताई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
चौराहे पर जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। हंगामे की सूचना पर थाना अमरोहा देहात पुलिस के साथ अन्य थानों की पुलिस भी बुला ली गई। सीओ ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाने पर परिजन शांत हुए और करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में मृतक के बेटे अंकित की तहरीर पर मैजिक चालक जुल्फकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
हादसे के बाद से ही पुलिस फरार चालक और वाहन का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। किसान की मौत के बाद परिजन जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।