जोया(अमरोहा)। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मुल्लाना में मंगलवार सुबह विवाहिता सनम उर्फ नननिया ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकी मिली। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे पति मोनिश ने शव लटका देखा तो बेहोश हो गया। उसे सीएचसी जोया से जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि ग्राम जाई निवासी मोनिश की शादी करीब डेढ़ साल पहले सनम से हुई थी। दंपती नगमा पत्नी अख्तर के मकान में किराये पर रहते थे। उनका आठ माह का बेटा है। मंगलवार सुबह घरेलू विवाद के बाद सनम कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर मोनिश ने वेंटिलेशन की खिड़की तोड़कर देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली।
पुलिस के मुताबिक, सनम की पहली शादी गांव जोई निवासी अली हसन से हुई थी। पहली शादी से उसके चार बच्चे हैं। बाद में उसने मोनिश से प्रेम विवाह किया था। उसका मायका रामपुर फतेहड़ी गांव में है। सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।