रजबपुर। तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर मौत हो गई। जबकि मृतक के पिता समेत तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। मामले में ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
यह हादसा नेशनल हाईवे पर रजबपुर थाने के ठीक सामने हुआ। मंडी धनौरा थानाक्षेत्र के मुकारमपुर मुस्तकम गांव किसान मेहर सिंह का परिवार रहता है। मंगलवार को मेहर सिंह अपने पिता भोपाल सिंह गांव के शीशराम और हेम सिंह के साथ जोया स्थित बिजली विभाग के गोदाम गए थे। शाम को ट्रैक्टर-ट्राली में ट्यूबवेल के लिए बिजली कनेक्शन से संबंधित खंभे व अन्य उपकरण ट्राली में लादकर घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर हेमसिंह चला रहे थे। शाम करीब आठ बजे उनकी ट्रैक्टर-ट्राली रजबपुर थाने के सामने पहुंची थी। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली खाई में जाकर पलट गई। जबकि मेहर सिंह की ट्रक के पहिए के नीचे कुचलकर मौके पर मौत हो गई। हादसे में मृतक के पिता भोपाल सिंह सहित तीनों लोग घायल हो गए। आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। थोड़ी ही देर में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। खबर मिलते ही परिजनों भी मौके पर आ गए। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के भाई पृथी सिंह की तहरीर पर ट्रक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही की एफआईआर दर्ज की गई है।