अमरोहा। तीन वर्षीय अमायरा की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी स्पष्ट नहीं होने से परिजनों की बेचैनी बढ़ गई है। माता-पिता और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हत्या समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। एसओजी समेत पांच टीमें मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हैं।
अमायरा 14 अगस्त की सुबह दादी फातिमा के साथ उनकी बहन के घर गई थी। घर के बाहर खेलते समय वह अचानक गायब हो गई। परिजनों ने तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे उसका शव तालाब में पड़ा मिला। पुलिस तालाब के आसपास लगे चार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घर से निकलने के बाद अमायरा किस दिशा में गई और उसके साथ क्या हुआ।
अमायरा के पिता मोहम्मद रजा ने मौत का कारण जल्द स्पष्ट कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।