गजरौला (अमरोहा)। मोहल्ला मायापुरी निवासी ऋतिक की संदिग्ध मौत के मामले में अब परिजनों ने हत्या करने के बाद शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला मायापुरी निवासी ऋतिक का शव बीते रविवार को संदिग्ध हालत में घर में ही फंदे पर लटका मिला था। पुलिस ने आत्महत्या मानकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग पाई गई। साथ ही मृतक के पैरों पर कुछ निशान पाए गए थे। जिस पर पुलिस की छानबीन की दिशा बदल गई। अब परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। मामले की जांच पड़ताल में जुटी पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। जिनसे ऋतिक की मौत की कड़ी जुड़ रही है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।