गजरौला। सीओ मंडी धनौरा का करीबी बनकर फरियादी से 50 हजार रुपये की मांग कर रहे फर्जी पुलिसकर्मी को पकड़ लिया। उसे पुलिस को सौंप दिया गया है। वह संभल के असमोली थानाक्षेत्र के मेहरौला निवासी सलमान सैफी उर्फ मुबारक सैफी है। पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थानाक्षेत्र के गांव पलवाड़ा निवासी फुरकान की भाभी का गजरौला थाने में मुकदमा दर्ज है। वह बीते मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे भाभी के साथ सीओ ऑफिस में आए थे। उनका कहना है कि सीओ ऑफिस के नीचे उनको एक शख्स मिल गया जो खुद को पुलिसकर्मी बता रहा था। कथित पुलिसकर्मी ने उनको बताया कि वह सीओ मंडी धनौरा का करीबी है। उनके सभी काम देखता है। उनका जो भी काम है, वह सीओ से सिफारिश कर करा देगा।
फुरकान के मुताबिक इसके लिए उसने 50 हजार रुपये की मांग की। उसकी बात पर शक लगने पर उन्होंने उसके बारे में अन्य लोगों से जानकारी की। जिस पर पता चला कि वह फर्जी पुलिसकर्मी है। उसे पकड़ लिया गया। उसने अपना नाम सलमान सैफी उर्फ मुबारक सैफी बताया। वह संभल के असमोली थाना क्षेत्र के मेहरौला निवासी है जिसे पुलिस को सौंप दिया। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसका चालान किया गया है।