अमरोहा। साइबर ठगों ने भाजपा के जिला महामंत्री पूरन सिंह सैनी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर दोस्तों से धनराशि मांगी है। इससे पहले सभी दोस्तों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। ठगों ने अर्जेंट रुपये किसी को देने का हवाला देकर तत्काल मदद की गुहार लगाई। गनीमत रही किसी ने रुपये नहीं दिए। फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर रुपये मांगे जाने की खबर मिलते ही भाजपा नेता के होश उड़ गए। उन्होंने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के कांकर सराय रोड स्थित सलेमपुर हेमनगर निवासी पूरन सिंह सैनी भाजपा के जिला महामंत्री है। पिछले तीन साल से फेसबुक पर उनका अकाउंट है। इस अकाउंट में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों सहित 4953 दोस्त हैं। फेसबुक प्रोफाइल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी तस्वीर लगी हुई है। लेकिन, मंगलवार को साइबर ठगों ने उनके नाम से दूसरा फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया। उनकी पुरानी फोटो अपलोड की गई थी। इसके बाद ठगों ने पार्टी के जिला अध्यक्ष बृजेश चौधरी और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष आफताब आडवानी सहित 100 से अधिक दोस्तों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। जैसे ही दोस्तों ने फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार की तभी साइबर ठगों ने हाय-हेलो के मैसेज भेजने शुरू कर दिए। कुछ देर बात होने के साथ ही ठगों ने दोस्तों से किसी को रुपये देने की जरूरत बताकर 15000 से 30000 रुपये गूगल पे करने की गुजारिश की। कुछ लोगों ने तो रुपये की जरूरत पड़ने का कारण पूछा, जबकि कई ने मैसेज को मजाक में लेकर अनसुनी कर दिया। इस दौरान उनके फेसबुक दोस्त अंकुर कुमार ने उन्हें उनकी फेसबुक आईडी से रुपये मांगे जाने की जानकारी दी। खबर मिलते ही भाजपा नेता के होश उड़ गए। बुधवार को पीड़ित भाजपा नेता ने एसपी सुनीति को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंपकर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।