अमरोहा। तिगरी मेले के आयोजन को लेकर अधिकारी दिन-रात एक कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम कर रहे हैं लेकिन कर्मचारी ड्यूटी में लापरवाही बरत रहे हैं। सोमवार सुबह डीपीआरओ के निरीक्षण के दौरान मेला स्थल से 12 पंचायत सचिव गायब मिले। जिस पर सचिवों का स्पष्टीकरण तलब करते हुए एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
28 अक्तूबर से तिगरी मेले की विधिवत शुरुआत हो रही है। मेले की तैयारियों के लिए पिछले कई दिनों से विभागीय अधिकारी कामकाज संभाले हुए हैं। मेले में सड़कों के अलावा शौचालय, पेयजल, बिजली समेत साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। पंचायत राज विभाग की और से मेले में साफ-सफाई व शौचालय बनाए जाने का काम किया गया है। इसके लिए पर्यवेक्षक के रूप में पंचायत सचिवों की ड्यूटी सेक्टरवार पर्यवेक्षक के रूप में लगाई गई है।
26 अक्तूबर से छह नवंबर तक सचिवों की अलग-पालियों में ड्यूटी लगाई गई। पहली पाली के लिए सुबह आठ से शाम छह बजे तक तैनाती की गई थी लेकिन सचिवों के द्वारा ड्यूटी में लापरवाही बरती जा रही है। सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे डीपीआरओ पारुल सिसोदिया ने मेला स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण में यह कर्मचारी मिले थे अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से पंचायत सचिव/ पर्यवेक्षक इरफान, पृथ्वी सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, जय किशोर, महेश कुमार, विवेक कुमार यादव, मोहम्मद नासिम, बंटी सिंह, विदित यादव, सत्यम बंसल, राम निवास, कावेंद्र सिंह अनपुस्थित मिले। इस पर डीपीआरओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी पंचायत सचिवों का स्पष्टीकरण तलब करते हुए दो दिनों में अपना जवाब देने को कहा है। इसके अलावा सभी अनपुस्थित सचिवों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेला ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।