जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों द्वारा खर्च किए जा रही धनराशि का लेखा-जोखा प्रेक्षक द्वारा किया जाएगा। गड़बड़ी होने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि व्यय प्रेक्षक द्वारा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों द्वारा किए जा रहे निर्वाचन खर्चों से संबंधित लेखा रजिस्टरों के निरीक्षण करने लिए 3, 8, 12 फरवरी निर्धारित की गई। बताया कि प्रत्याशियों द्वारा चुनाव में व्यय किए जाने वाले खर्च पर नजर रखने के लिए आयोग द्वारा व्यय प्रेक्षक जनपद में आ चुके हैं। प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों द्वारा चुनाव में किए जा रहे खर्च का रिकार्ड देखा जाएगा। प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों द्वारा खर्चा से संबंधित रजिस्टर को खुद लेकर आना होगा। उन्हें चैक करने के लिए वीवी पैट गोदाम कलेक्ट्रेट में स्थान निर्धारित किया गया है। नियत तिथि, समय एवं निर्धारित स्थान पर अपने निर्वाचन व्यय लेखा रजिस्टर, मूल वाउचर तथा निर्वाचन व्यय बैंक खाते का विवरण सहित आप स्वयं अथवा अपने निर्वाचन व्यय अभिकर्ता के माध्यम से रिटर्निंग आफिसर द्वारा जारी निर्वाचन व्यय लेखा का निरीक्षण व्यय प्रेक्षक द्वारा कराना सुनिश्चित करें। ऐसा न करने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट भवन में डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेन्टर/निर्वाचन कंट्रोल रूम की स्थापना की गई। जिसमें चुनाव संबंधी सूचनाएं एवं शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
डीएम ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर आयोग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में निर्वाचन कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। जिसका नोडल अधिकारी ओमेंद्रपाल सिंह उप निदेशक कृषि को बनाया गया है। कंट्रोल रूम के नंबर-05922-252032 और 05922-253099 तथा टोल फ्री नं0-1950 पर सूचनाएं और शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही साथ चुनाव आयोग द्वारा जनता की सुविधा के लिए सी विजिल नाम से मोबाइल एप भी शुरू किया गया है। कोई भी मतदाता गूगल प्ले स्टोर से उक्त मोबाइल एप को डाउनलोड करके उम्मीदवार अथवा राजनैतिक दल द्वारा आदर्श आचार संहिता के उल्लघंन के संबंध में किए जा रहे कार्यों को लेकर अपनी ऑनलाइन शिकायत/सुझाव दर्ज करा सकता है।
विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत प्रेक्षक विधानसभा नौगांवा डॉक्टर सदनेक सिंह समेत चारों विधानसभाओं के प्रेक्षकों ने एनआईसी में मतदान कर्मियों का रेंडमाइजेशन किया।
रविवार को कलक्ट्रेट के राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) में मतदान कर्मियों का रेंडमाइजेशन प्रेक्षक डॉ सदनेक सिंह, हसनपुर के शांतनु शाह, धनौरा से उमाशंकर, पुलिस प्रेक्षक केपी फिलिप द्वारा जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी और सूचना विज्ञान अधिकारी नलिन कौशिक ने विधानसभा वार मतदान कर्मियों के रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया के बारे में बताया। विधानसभा वार सभी मतदान कार्मिकों का सौ प्रतिशत रेंडमाइजेशन किया गया है। जिसमें दस प्रतिशत से अधिक मतदान कार्मिकों का रेंडमाइजेशन किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त भगवान सरन समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।