डिडौली। दोस्त के साथ बाइक से ऋषिकेश जा रहे इंजीनियरिंग के छात्र विकास शर्मा (23) की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि उनके दोस्त नियासुद्दीन घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विकास शर्मा फतेहपुर जनपद के कल्याणपुर ककरोली गांव के रहने वाले चंद्रभान शर्मा के बेटे थे। फिलहाल विकास शर्मा परिवार के साथ दिल्ली के शेखूपुरा में रहते थे। दो भाइयों में छोटे विकास इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे।
परिजनों के मुताबिक विकास कॉलोनी के रहने वाले दोस्त नियासुद्दीन के साथ ऋषिकेश जाने की बात कहकर घर से निकले थे। दोनों बाइक पर सवार थे। रात में जैसे ही उनकी बाइक डिडौली कोतवाली क्षेत्र में पहुंची तो पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार विकास शर्मा और नियासुद्दीन उछलकर दूर जा गिरे। वहीं, टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर भाग गया। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर डिडौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विकास शर्मा और उसके दोस्त नियासुद्दीन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टर ने विकाश को मृत घोषित कर दिया जबकि नियासुद्दीन की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस से हादसे की जानकारी मिलने के बाद दोनों का परिजन डिडौली पहुंच गए।