मंडी धनौरा (अमरोहा)। ग्राम पंचायत मूंढाखादर में तैनात रोजगार सेवक साजिद अली की बृहस्पतिवार की रात ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। परिजन व रोजगार सेवक संघ का आरोप है कि बीते 9 महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण उसका इलाज नहीं हो पाया था। रोजगार सेवक संघ ने तत्काल मानदेय दिलाने की मांग की है।
ग्राम मूंढाखादर पर तैनात रोजगार सेवक साजिद अली की बीते 6 महीने से तबीयत खराब चल रही थी। परिजनों का कहना है कि मानदेय नहीं मिलने के कारण उनका उचित इलाज नहीं हो पा रहा था। बृहस्पतिवार की देर रात उनकी अचानक तबियत बिगड़ी और ब्रेन हेमरेज हो गया। चिकित्सक के पास ले जाने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि साजिद अली आर्थिक तंगी के कारण काफी तनाव में थे। इलाज के लिए पर्याप्त पैसे भी नहीं थे।
साजिद अली की मौत की जानकारी मिलने पर ब्लॉक के तमाम रोजगार सेवक उनके गांव पहुंच गए। गौरतलब है कि रोजगार सेवकों को बीते 9 महीने से मानदेय नहीं मिला है। रोजगार सेवक लगातार सरकार से मानदेय दिलाए जाने की मांग कर रहे थे। संघ के जिला अध्यक्ष कुबेर सिंह पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ मृतक के घर पहुंचे व परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
उन्होंने सरकार से लंबित मानदेय का भुगतान कराने की मांग की है। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष चीनू सागर, पिंटू, सतबीर सिंह, मांधाता सैनी, अमित कुमार आदि मौजूद थे।