गजरौला में थाने के सामने टक्कर के बाद ई-रिक्शा चालक को पीटता बाइक सवार।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला(अमरोहा)। तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक फिसल जाने से बाइक चला रहा युवक और पीछे बैठी महिला घायल हो गई। गनीमत रही कि इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, गुस्साए बाइक सवार ने ई-रिक्शा चालक को बुरी तरह पीटा। बाद में लोगों के समझाने पर वह वहां से चला गया। इस दौरान कुछ देर के लिए वाहनों के पहिये थम गए और लोगों ने घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
शुक्रवार की अपराह्न लगभग एक बजे यह हादसा इंदिरा चौक पर थाने के सामने हुआ। मंडी धनौरा की ओर जा रही बाइक को ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सड़क पर गिर गई और बाइक चला रहा युवक तथा पीछे बैठी महिला घायल हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रक रोक दिया। बाइक सवार ट्रक के नीचे आ जाते। वहीं बाइक सवार ने उठकर ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया और उसके जमकर पीटा। इस दौरान वहां तमाशबीनों की भीड़ लग गई। कई लोग मारपीट की घटना की वीडियो बनाते नजर आए। भीड़ ने बाइक सवार को समझाबुझाकर शांत करा दिया। बता दें कि इंदिरा चौक पर अतिक्रमण की भरमार के कारण रोजाना ही इस तरह के हादसे होते रहते हैं। यहां चौराहे के चारों ओर ठेले वालों ने कब्जा जमा रखा है। इसके अलावा दुकानदारों ने भी अपना सामान और फर्नीचर सड़क तक सजा रखा है। ऐसे में वहां हर वक्त हादसों की आशंका बनी रहती है।