कोहरे ने अपना कहर ढाना शुरू कर दिया है। रात तेज कोहरा होने के कारण ट्रक से टकराने के बाद बाइक सवार युवक की मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर के मोहल्ला कटरा गुलाम अली में नसीम अहमद का परिवार रहता है। उनका बेटा शाहरुख (26) शादी समारोह में खाना बनाने का काम करता था। शुक्रवार की सुबह वह बाइक से जोया जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक जोया रोड पर पहुंची तभी आगे चल रहे ट्रक चालक ने ब्रेक लगा दिए। अधिक कोहरा होने की वजह से शाहरुख की बाइक ट्रक में जा घुसी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही डिडौली पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के मुताबिक शाहरुख की एक साल पहले ही शादी हुई थी। परिवार में पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।