जोया/रजबपुर (अमरोहा)। सदर विधायक महबूब अली के छोटे बेटे शहनवाज के चालक प्रवीण कुमार (35) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव गांव के ही बाहर हाईवे किनारे बने एक मकान की छत पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची डिडौली और रजबपुर पुलिस ने जांच पड़ताल की। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने भी मुआयना किया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस घरेलू विवाद में जहर खाकर आत्महत्या करना मानकर जांच कर रही है।
मृतक प्रवीण कुमार रजबपुर थानाक्षेत्र के खाता गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी कोमल और दो बच्चे हैं। तीन भाई-बहन में दूसरे नंबर के प्रवीण कुमार अमरोहा विधानसभा सीट से विधायक महबूब अली के छोटे बेटे शहनवाज की कार चलाते थे। पुलिस के मुताबिक प्रवीण व उनकी पत्नी कोमल के बीच विवाद चल रहा है। शुक्रवार को कोमल के मायके वालों की मौजूदगी में पंचायत भी हुई थी। इसके बाद प्रवीण घर से निकल गया था।
वहीं, रात को प्रवीण कुमार घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। शनिवार सुबह हाईवे किनारे बने मकान की छत पर प्रवीण का शव पड़ा मिला। यह मकान गांव के ही रहने वाले चुम्मन लाल का है। बगल में बजरी-सीमेंट की दुकान है। सूचना पर रजबपुर और डिडौली पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि घरेलू विवाद में प्रवीण कुमार ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।