हसनपुर (अमरोहा)। तहसील परिसर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीन का बैनामा कराने आए दिल्ली के व्यापारियों को उनका ही कार का चालक चकमा दे गया। आरोपी चालक इनोवा कार में रखे 30 लाख रुपये कैश और कार लेकर भाग गया। पीड़ित व्यापारी ने हसनपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के पीतमपुरा निवासी कारोबारी पुष्पेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने साथी अजय गुप्ता के साथ मिलकर रहरा थाना क्षेत्र के गांव छपना निवासी किसान यशपाल, बवली और लतेश से करीब 4 बीघा जमीन 40 लाख रुपये में खरीदी थी। सोमवार 6 जुलाई को इस जमीन का बैनामा होना था। दोनों व्यापारी अपनी इनोवा कार से हसनपुर तहसील पहुंचे थे। कार को उनका चालक मनोज गुप्ता मूल निवासी ग्राम काली बाड़ी लथीथा ढोरा थाना बारादरी बरेली , हाल निवासी नांगलोई, दिल्ली चला रहा था, जो पिछले दो साल से उनके पास काम कर रहा था। पीड़ित के मुताबिक, वे किसानों को पहले ही 15 लाख 36 हजार रुपये दे चुके थे। बाकी की रकम और अपनी फैक्ट्री के काम के लिए लाए गए रुपयों को मिलाकर कुल 30 लाख रुपये कैश गाड़ी में ही रखे थे। दोपहर के समय जब पुष्पेंद्र सिंह और अजय गुप्ता बैनामे पर हस्ताक्षर करने के लिए तहसील के अंदर गए, तभी मौका पाकर चालक मनोज गुप्ता 30 लाख रुपये और इनोवा कार लेकर भाग गया। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो पीड़ितों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।