दीपपुर गांव में खूंखार कुत्तों के झुंड ने हमला कर महिला के हाथ पैर और सीने पर बुरी तरह काटा था। पोस्टमार्टम के दौरान उसके पूरे शरीर पर गहरे घाव मिले। कुत्तों ने सिर को बुरी तरह नोच लिया था। इतना ही नहीं महिला के शरीर पर कुत्तों के दांतो के अनगिनत निशान मिले हैं। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। कुत्तों के आतंक से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बना हुुआ है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के दीपपुर गांव में रहने वाले सतवीर सिंह की पत्नी राजवती बुधवार को अन्य महिलाओं के साथ जंगल में पशुओं के लिए घास काटने गई थी। इस दौरान वह अन्य महिलाओं से कुछ दूरी पर थी। तभी 12 से 15 आवारा कुत्तों के झुंड ने राजवती पर हमला कर दिया। जिससे उसकी चीख निकल गई। राजवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर अन्य महिलाओं ने कुत्तों को भगाने का प्रयास किया। लेकिन वह सफल नहीं हो सकीं। सूचना मिलते मिलते ही ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की तरफ दौड़े और कुत्तों को काफी दूर तक दौड़ाया। कुत्तों के हमले में राजवती की मौके पर ही मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। बुधवार की दोपहर बाद राजवती के शव का पोस्टमार्टम हुआ। सीएमओ डॉ.संजय अग्रवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि कुत्तों ने राजवती के शरीर को नोच लिया था। उसके हाथ-पैर और सीने पर बुरी तरह काटा और सिर की खाल तक को नोच लिया था। पूरी शरीर पर कुत्तों के दांतों के अनगिनत निशान थे। उनकी गिनती नहीं हो सकती थी। कुत्तों के हमले और दहशत के कारण राजवती की मौत हुई थी।