डिडौली। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा जोया में प्राथमिक विद्यालय के पास कुत्तों के झुंड ने दो गोवंशीय पशुओं पर हमला कर दिया। पशुओं को बचाने पहुंचे युवक समेत तीन ग्रामीणों को कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमलों से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्तों को वहां से भगाया।
बताया गया कि बृहस्पतिवार की शाम प्राथमिक विद्यालय के पास दो गोवंशीय पशु घूम रहे थे। इसी दौरान आवारा कुत्तों का झुंड वहां पहुंच गया और दोनों पशुओं पर हमला कर दिया। पशुओं की चीख-पुकार सुनकर अजय कुमार उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। कुत्तों ने उन पर भी हमला कर दिया और काटकर घायल कर दिया। हमले में अजय कुमार के शरीर पर चोटें आईं। इसी दौरान पूरनपुर की ओर जा रहे दो अन्य ग्रामीणों पर भी कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों के अचानक हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। आसपास के लोगों ने लाठी-डंडे आदि की मदद से कुत्तों को भगाया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। कुत्ते के हमले में घायल अजय कुमार उपचार के लिए जोया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। चिकित्सकों ने उनका उपचार करने के साथ रेबीज से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे राहगीरों, बच्चों और पशुओं को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।