शहर के नजारा शनिवार को देखने वाला था। स्कूटी पर सवार होकर महिला ब्रिगेड मतदाताओं को जगाने के लिए निकल पड़ी। इनकी अगुवाई की डीएम शुभ्रा सक्सेना ने। खुद स्कूटी लेकर मतदाता जागरूकता की अलख जगाने वो आगे-आगे चल पड़ीं। मिनी स्टेडियम से शुरू हुई स्कूटी रैली शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई कलक्ट्रेट पहुंचकर समाप्त हुई।
चुनाव आयोग की ओर से मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों का आयोजन कर नागरिकों को बताया जा रहा है कि उनका मत मजबूत लोकतंत्र के लिए कितना आवश्यक हैं। चुनाव आयोग कि इसी मंशा को लेकर जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना खुद मैदान में उतर पड़ी हैं।
शहर में शनिवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत महिला स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। राजकीय जीआईसी मिनी स्टेडियम से शुरू की गई। रैली में महिला शिक्षकों, पुलिसकर्मियों सहित अन्य महिलाओं ने प्रतिभाग किया। रैली की अगुवाई के लिए डीएम शुभ्रा सक्सेना खुद स्कूटी पकड़ ली। रैली को नौगावां सादात विस क्षेत्र की आब्जर्वर आईएएस बीना बोहरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मतदान अवश्य करने के स्लोगन और नारे के साथ शहर के मुख्य मार्गों, बाजारों का भ्रमण कर रैली कलेक्ट्रेट पर आकर संपन्न हुई। रैली में एसडीएम सदर प्रवीणा और बीएसए शमीम खानम ने भी प्रतिभाग किया। सड़कों से गुजरती रैली को जिस किसी ने भी देखा जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सैना के जज्बे को सराहता नजर आया। रैली समापन पर डीएम शुभ्रा सक्सेना ने प्रतिभागी सभी महिलाओं को धन्यवाद दिया।
अभियान को सफल बनाने के लिए दिए गए योगदान की प्रशंसा की। कहा कि सभी इसी 15 फरवरी को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। मतदान में हमारा जनपद प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करेगा।
इस मौके पर डीआईओएस रविदत्त, सीडीओ अभिषेक सिंह, एडीएम महमूद आलम अंसारी, डिप्टी कलेक्टर गंभीर सिंह, डॉ. गजेंद्रपाल सिंह, खुर्शीद अहमद जैदी, वित्त लेखाधिकारी पारुल आदि अन्य अधिकारी उपस्थित थे।