हसनपुर सीएचसी का निरीक्षण करते डीएम एवं एसपी।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक पूनम एवं विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों पर अस्पताल द्वारा मुहैया कराए जा रहे कंबल की क्वालिटी घटिया होने को लेकर नाराजगी जताई।
कहा कि हल्के कंबल में कड़ाके की सर्दी से नहीं बचा जा सकता। कंबल की क्वालिटी अच्छी कराई जाए। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि 15 से 18 वर्ष तक के युवाओं को टीकाकरण के दौरान कोई भी परेशानी नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर से बेहतर उपचार मिलना चाहिए। किसी भी मरीज को अस्पताल में पहुंचने के बाद परेशानी नहीं उठानी पड़े। कहा कि वैक्सीनेशन के दौरान एवं अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों को मास्क लगाना बहुत जरूरी है। यदि कोई मास्क लगाकर नहीं आता है तो अस्पताल की तरफ से उसे मास्क दिया जाए। कोरोना की तीसरी लहर बहुत तेजी के साथ बढ़ रही है। इससे बचने के लिए कोरोना की गाइडलाइन का पालन किया जाना बहुत जरूरी है।