जोया। दहेज के लिए पत्नी को तीन तलाक दे दिया और बाद में पति ने अपने दोस्त के साथ हलाला कराया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पूरा मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जोया का है। यहां के रहने वाले एक कारोबारी युवक का पास की ही युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब एक साल पहले युवती ने शादी के लिए कहा तो युवक ने इंकार कर दिया था। हालांकि बाद में कुछ लोगों ने बीच में पड़कर दोनों का निकाह करा दिया था। आरोप है कि विवाहिता से ससुराल वालों ने दहेज में एक करोड़ की डिमांड की। 21 अगस्त 2021 को पति विवाहिता को तीन तलाक दे दिया। बाद में ससुराल वालों की मर्जी से पति ने दोस्त के साथ विवाहिता का हलाला कराया। किसी को घटना का पता ना चल सके। इस लिए विवाहिता को नशे के इंजेक्शन लगाए गए। किसी तरह से वहां से निकलकर अपने मायके पहुंचे पीड़िता ने आपबीती सुनाई। पीड़िता मायके वालों के साथ कोतवाली पहुंच गई। थाना प्रभारी रमेश सहरावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।