अमरोहा। जिले में बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए निगम ने नई कार्ययोजना तैयार की है। बिजनेस प्लान-दो के तहत 13 करोड़ रुपये से जर्जर बिजली लाइनें बदलने और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू होगा।
इससे शहरी और ग्रामीण उपभोक्ताओं को बिजली कटौती और बार-बार होने वाले फाल्ट से राहत मिलने की उम्मीद है। जिले में कई स्थानों पर पुराने और जर्जर तारों से फाल्ट व लाइन लॉस की समस्या बनी रहती है। वहीं, क्षमता से अधिक भार के कारण ट्रांसफार्मरों से आपूर्ति भी प्रभावित होती है। गर्मी में परेशानी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए निगम चरणबद्ध तरीके से विद्युत ढांचे को मजबूत कर रहा है।
इससे पहले बिजनेस प्लान-प्रथम के तहत 32 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें 28 करोड़ रुपये मंजूर हुए। इस धनराशि से विभिन्न विद्युत कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें हसनपुर क्षेत्र के शीतला सराय में नया बिजलीघर बनाना और करीब 150 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाना शामिल है।
अब दूसरे चरण में 13 करोड़ रुपये से जर्जर तार बदले जाएंगे और जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। विभाग खराब विद्युत ढांचे वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देगा।
वहीं, पुलिस लाइन को निर्बाध आपूर्ति के लिए 1400 किलोवाट क्षमता का अलग फीडर बनाया गया है, जिससे बिजली आपूर्ति की जा रही है।