अमरोहा। थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव हाजरपुर में नाले की मेड़ को लेकर हुए विवाद में किसान के साथ जमकर मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव हाजरपुर निवासी विपिन कुमार का आरोप है कि 30 मार्च को सुबह करीब 11:45 बजे वह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उसका भाई कुशल कुमार, अमित व विनीत निवासी सहापुर अब्दुलावारी थाना कांठ और आयुष पुत्र जयवीर निवासी सुल्तानपुर थाना अमरोहा देहात मौके पर पहुंचे। आरोप है कि चारों ने नाले की मेड़ तोड़ने के विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने लाठी-डंडों, लात-घूंसों और तमंचे की बट से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान विपिन की भाभी वबिता और यशी खेत पर पहुंचीं तो आरोपी मौके से फरार हो गए। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।