गजरौला(अमरोहा)। बरेली पुलिस लाइन में तैनात सिपाही यहां सीएचसी में अपनी पत्नी से मिलने जा पहुंचा। इस पर वहां जमकर हंगामा हुआ। पुलिस भी आ पहुंची और दोनों को शांत कराया। बाद में दोनों थाने जा पहुंचे। तय हुआ कि अलग रहने के लिए परिवार न्यायालय में वाद दायर करेंगे।
बुधवार की सुबह ब्लाक के गांव अफजलपुर लूट निवासी अमित कुमार सीएचसी पहुंचा। वह बरेली में पुलिस लाइन में है और मेडिकल लीव पर आया हुआ है। अमित का कहना था कि उसकी पत्नी सीएचसी में कार्यरत है। दोनों के बीच लगभग दो माह से विवाद चल रहा है। वह उससे कुछ देर बात करना चाहता था। उसे देख पत्नी ने बात करने से इनकार कर दिया। इस पर वहां दोनों के बीच नोकझोंक हो गई। अमित ने 112 पीआरवी बुलवा ली। पुलिस ने दोनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद दोनों थाने जा पहुंचे। कस्बा चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार ने बताया कि दोनों के बीच विवाद है। अब दोनों ने अलग रहने को हामी भर दी है। इसके लिए वे परिवार न्यायालय में वाद दाखिल करेंगे। दोनों को समझाकर भेज दिया गया है।