नगर पंचायत सैदनगली की जामा मस्जिद में रमजान के तीसरे जुमे में नमाज पढ़ने को लेकर शिया और सुन्नी पक्ष के लोगों में कहासुनी व नोकझोंक हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
बुधवार शाम को मस्जिद में अलम व बैनर लगाने पर विवाद हो गया। जमकर मारपीट और पथराव हुआ था। मुतवल्ली मजहर अली की तहरीर पर सुन्नी पक्ष के छिद्दन उर्फ लाला, मौ. चमन, असलम, अनवार, अनीस, इन्तजार, युसुफ, सलमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। शांति व्यवस्था के लिए मस्जिद के बाहर पुलिस बल को तैनात किया गया था।
शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़ने को लेकर शिया व सुन्नी पक्ष के लोगों में फिर कहासुनी हो गई। नोकझोंक व धक्का मुक्की भी हुई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। सुन्नी पक्ष के अनवार ने डीएम को प्रार्थनापत्र देकर कहा कि बुधवार को हुई मारपीट में स्थानीय पुलिस ने एक तरफा कार्रवाई है। जबकि, उनकी तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उधर, मस्जिद के इमाम दानिश रजा ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर थाना प्रभारी धमकाने का आरोप गया है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया जामा मस्जिद पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात है।