अमरोहा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियों के तहत चल रहे वार्डों के अनंतिम परिसीमन की प्रक्रिया के बाद दर्ज हुई आपत्तियों के निस्तारण का काम पूरा हो गया है। शुक्रवार को इससे संबंधित एक बैठक का आयोजन कलक्ट्रेट सभागार में किया गया जिसमें डीएम ने अंतिम सूची का प्रकाशन 10 अगस्त तक करने के निर्देश दिए।
पंचायत चुनाव की तैयारियाें के लिए 18 जुलाई से 22 जुलाई तक जनसंख्या अवधारण सुनिश्चित किया गया था। इसके बाद 23 से 28 जुलाई तक ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के प्रस्तावित सूची की तैयारी और उसका प्रकाशन हुआ था जिसके तहत ग्राम पंचायतों के कुल वार्ड 6748, क्षेत्र पंचायत के 653 व जिला पंचायत के 26 वार्डों की अनंतिम सूची जारी की गई है।
अमरोहा पालिका का दायरा बढ़ने पर उसमें शामिल हुई 21 पंचायतों के कम होने के कारण इस बार वार्डों की संख्या में कमी आई है। अनंतिम सूची जारी होने के बाद 29 जुलाई से दो अगस्त तक आपत्तियां ली गई थी जिसमें 64 आपत्तियां दर्ज हुई थी। इसमें 58 आपत्ति जिला पंचायत से संबंधित व छह आपत्ति क्षेत्र पंचायत से संंबंधित दर्ज कराई गई थी। क्षेत्र पंचायत में एक गजरौला ब्लॉक व पांच अमरोहा ब्लॉक से लगाई गई थी।
डीपीआरओ पारूल सिसोदिया ने बताया कि ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचयात, जिला पंचायत के प्रस्तावित अनन्तिम प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डों) पर प्राप्त आपत्तियों पर विचार करते हुए हर आपत्ति पर संबंधित एडीओ पंचायत व खंड विकास अधिकारी का मत प्राप्त करने के बाद सर्वसम्मति से आपत्तियों का निस्तारण किया गया है। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के प्रस्तावित अनंतिम प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची का प्रकाशन 10 अगस्त तक कर दिया जाए। उन्होंने सूची को ब्लॉक तथा जिला पंचायत के सूचना पट्ट पर भी आमजन के लिए चस्पा करने के निर्देश दिए।