अमरोहा। जोया रोड स्थित लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी में डीआईओएस शतानंद शर्मा की अध्यक्षता में जिले के सीबीएसई विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें शिक्षक विधायक हरि सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे। विद्यालयों की सुरक्षा, आरटीई के प्रावधानों, अनावश्यक जांच और शिक्षकों की स्वास्थ्य बीमा योजना समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल एवं घनश्यामदास टंडन स्कूल के निदेशक अजय टंडन ने विद्यालय समय के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा और घर तक पहुंचने की जिम्मेदारी तथा आरटीई के कथित दुरुपयोग से होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया। ब्लू बर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल धनौरा के प्रबंधक राहुल अग्रवाल ने सीबीएसई शिक्षकों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिलाने की मांग की। हरि सिंह ढिल्लों ने अनावश्यक जांच और अतिरिक्त बोझ को अनुचित बताते हुए मुद्दों को सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। डीआईओएस शतानंद शर्मा ने शासन की योजनाओं, ईको क्लब, सड़क सुरक्षा और एसएचवीआर पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय भवनों का स्ट्रक्चर ऑडिट कराने और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। संचालन नोबल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक राजीव उपाध्याय ने किया। लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी के प्रबंधक डॉ. गिरिश बंसल ने आभार जताया।