बिजली कटौती से परेशान डिडौली के बाशिंदों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। मनमानी का आरोप लगाकर नारेबाजी की। समस्या दूर नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
भीषण गर्मी में कस्बे में लगातार बिजली कटौती जारी है। जिससे लोगों का जीवन दुर्भर हो गया है। शिकायत के बाद भी निस्तारण नहीं होने से परेशान कस्बे के लोग शनिवार को साप्ताहिक बाजार पहुंचे। अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 18 घंटे बिजली उपलब्ध करा रही है, लेकिन डिडौली के ग्रामीणों को 2 घंटे भी बिजली नहीं दी जा रही है। कस्बे को सिवौरा बिजली घर से बिजली आपूर्ति मिलती है। बिजली आपूर्ति न मिलने से जहां किसानों की फसल बर्बाद हो रही है, वही भीषण गर्मी से लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। बिजली कर्मियों की मनमानी को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है। आरोप है कि जब परेशान ग्रामीण संबंधित जेई आनंदपाल से बिजली आपूर्ति के बारे में जानकारी करने की कोशिश करते हैं तो वह ग्रामीणों से दुर्व्यवहार करते हैं। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली आपूर्ति में जल्दी सुधार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। प्रदर्शन करने वालों में सतपाल ठाकुर, विजय गुप्ता, दीपक गुप्ता, जितेंद्र, ध्यान सिंह, नरेश, सुरेश, अंकुर, गुड्डू, कल्लू, सुभान आदि मौजूद रहे।
जेई आनंदपाल ने कहा कि दुर्व्यवहार का आरोप गलत है। रोस्टर के हिसाब से बिजली दी जा रही है। ओवर लोडिंग के चलते ट्रिपिंग की समस्या पैदा हो रही है। जिसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।