डिडौली। संभल के असमोली थानाक्षेत्र में मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में डिडौली निवासी रेसाना (50) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा, बहू और पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मंगलवार को डिडौली निवासी नईम अपनी मां रेसाना, पत्नी रुक्सार और बेटे के साथ बाइक से अपनी ससुराल रायमदाला गांव जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव रायमदाला के पास पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बजरी से भरे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठी रेसाना को डंपर ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में नईम, उसकी पत्नी रुक्सार और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने रेसाना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजनों भी संभल के लिए रवाना हो गए।