एएसपी से नोकझोंक करतीं महिलाएं।
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला अमरोहा
धर्मस्थल में मांस फेंकने पर गुस्साए एक समुदाय लोगों गुस्सा फूट पड़ा। अमरोहा-पाकबड़ा मार्ग जाम कर लोगों ने जबरदस्त नारेबाजी व प्रदर्शन किया। जमकर हंगामा काटा। पुलिस को भी उनके आक्रोश का सामना करना पड़ा। दरोगा हो या फिर एएसपी, सभी से जमकर झड़पें हुईं।
मामले की नजाकत को भांपते हुए कई थानों की फोर्स व पीएसी बल मौके पर बुलाने के बाद अधिकारियों ने लोगों को समझाया। जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। तीन घंटे मशक्कत के बाद नागरिक रास्ता खुलवाने में कामयाब हो गए। मीट के टुकड़ों को सील कर जांच के लिए भिजवाया गया है। अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एहतियातन गांव में पीएसी व पुलिस बल तैनात किया गया है।
देहात थाना क्षेत्र के गांव तेलीपुरा माफी में सोमवार की तड़के लोग इबादत के लिए धर्मस्थल में पहुंचे। यहां एक पॉलिथीन पड़ी थी, जिसमें मीट भरा था। देखते ही लोगों का पारा चढ़ गया। थोड़ी ही देर में गांव का माहौल बदल गया। यह बात पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और तनाव पैदा हो गया। इसके बाद जमा हुए एक समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। खबर मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों के तेवर देखते ही एसओ ने उच्चाधिकारियों को घटना से वाकिफ कराया। इस बीच पुलिस को ग्रामीणों का गुस्सा झेलना पड़ा। मांस लेकर जैसे ही पुलिस कर्मी बाहर आने लगे वैसे ही ग्रामीणों की उनसे नोकझोंक होने लगी। इसके बाद सभी ने बैलगाड़ी व भैंसा बुग्गी सड़क पर खड़ी कर अमरोहा-कैलसा मार्ग जाम कर दिया।
कुछ समय पश्चात ही एएसपी एनपी सिंह, सीओ जितेंद्र सिंह व एसडीएम हर्षवर्धन श्रीवास्तव अमरोहा, रजबपुर, डिडौली व नौगावां थाने की फोर्स संग गांव पहुंच गए। ग्रामीणों से पूरा मामला जाना और मसले में कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए रास्ता खोलने के लिए कहा, लेकिन महिलाएं नहीं मानी। एएसपी से तीखी झड़प हुई। तीन घंटा बाद अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में कामयाब हो गए। तत्पश्चात ग्रामीणों ने रास्ता खोल दिया। तीन घंटे बाद मार्ग पर आवागमन सुचारु हुआ। इधर मामले की नजाकत को देखते हुए गांव में पीएसी बल व पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।