कैलसा (अमरोहा)। ग्राम पंचायत कुम्हरिया-उमरी सादात में चार साल पहले जल जीवन मिशन योजना के तहत करोड़ों की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू हुआ तो लोगों को शुद्ध जल की उम्मीद जगी, लेकिन चार साल बीतने के बाद भी निर्माण अधूरा है। इससे लोगों का शुद्ध जल सपना अधूरा ही है।
अमरोहा ब्लॉक के कुम्हरिया और उमरी सादात गांव एक ही ग्राम पंचायत में आते हैं, दोनों गांवों की आबादी करीब पांच हजार है। ग्राम पंचायत कुम्हरिया-उमरी सादत में 2022-22 में ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य शुरु हुआ। ऑपरेटर रूम, बोरिंग, बॉउंड्री वाल और पिलर के ऊपर टैंक खड़ा कर दिया गया है, लेकिन बाद में कार्यदायी संस्था ने काम बंद कर दिया और सुध नहीं ली। वर्तमान में चहारदीवारी और ऑपरेटर रूम की दीवार गिर गई। लोग पिछले तीन सालों से पानी के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पाइप लाइन डालने के नाम पर सड़क तोड़ दीं, लेकिन मरम्मत नहीं की गई। कनेक्शन तो किए पर घरों में लगी टोटियों तक आज तक पानी नहीं पहुंचा।
ओवरहेड टैंक परिसर में खाली जगह देखकर ग्रामीणों ने पशु बांधने शुरू कर दिए हैं। ग्राम प्रधान संदेश ढिल्लो ने बताया कि इन दोनों गांवों में रास्ते खोद कर छोड़ दिए, जिससे ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। उनकी परेशानी के चलते पंचायत निधि से इन रास्तों को ठीक कराया और उच्चाधिकारियों को कई बार लिखित में शिकायत कर चुके है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है।
बोले लोग..
चार साल बाद भी ओवरहेड टैंक का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। ओवरहेड टैंक का पानी मिलना तो सपने जैसा है। हैंडपंप से ही जल आपूर्ति की जा रही है। -जीतपाल, उमरी सादात
..
कई साल हो गए इस निर्माण कार्य को शुरू हुए, लेकिन अभी तक कुछ भी समाधान नहीं हुआ है। हमारी मांग है कि प्रशासन इसे गंभीरता से ले और जल आपूर्ति जल्द शुरु की जाए, जिससे ग्रामीणों को पानी मिल सके। -शीशपाल, उमरी सादात
....
ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य भी पूरा नहीं हुआ और रास्ते और खोदकर डाल दिए। इन रास्तों को प्रधान कि मदद से ठीक कराया गया। भीषण गर्मी में भी लोग पानी के लिए तरसते हैं। समस्या का समाधान कराया जाए। -संजय, उमरी सादात
....
टंकी का निर्माण कार्य अभी बीच में लटका हुआ है। गांव में भी रास्ते खोद कर पाइप लाइन डाली गई है, लेकिन अभी पाइपलाइन का उमरी से कुम्हारिया गांव का कनेक्शन भी नहीं किया गया है। इससे परेशानी का सामना करना पड़ता है। -सविता देवी, कुम्हारिया