मारपीट के दौरान किसान की मौत के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। पुलिस पर आरोपियों से हमसाज होने का आरोप लगाते हुए जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के मुनीमनगर उर्फ मुनीमपुर में रहने वाले सोमवाल सिंह का अपने चचेरे भाइयों से मेड़ का विवाद चल रहा था। जिसे लेकर बुधवार की शाम कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। मारपीट में सोमपाल सिंह, उनका बेटा-बेटी और पत्नी घायल हुए थे। इस दौरान घायल सोमपाल सिंह की मौत हो गई थी। बेटे सहदेव ने गजराज सिंह, राजीव सिंह, शीशपाल सिंह, सतपाल सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
लेकिन पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित रखा था। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजन सोमवार को एसपी दफ्तर पहुंचे। यहां थानापुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। हत्यारोपियों से हमसाज होने का आरोप लगाया। इस दौरान यशपाल सिंह, बलवीर सिंह, वीर सिंह, अमरपाल सिंह, संजय कुमार, हरस्वरूप, मनोज कुमार, ओमवीर सिंह, रामकुंवर सिंह, राजवती, महावती, धर्मवती, मीनाक्षी, रूबी, फूलवती, मूर्ति देवी व कुसुम शामिल रहे।