मंडी धनौरा। कोल्हू व क्रशर इकाइयां लगाने के लिए चीनी मिलों से न्यूनतम दूरी का नियम हटाने की मांग को लेकर गुड़ व खांडसारी निर्माताओं ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में केंद्रीय उपभोक्ता व खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात की। निर्माताओं ने केंद्रीय मंत्री को अपनी मांगों के संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के नेतृत्व में बुधवार को गुड़ व खांडसारी निर्माता एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दिल्ली में प्रहलाद जोशी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल निर्माताओं ने किसानों के हित में तैयार किए जा रहे शुगर कंट्रोल ऑर्डर 2026 के ड्राफ्ट में अपनी समस्याओं का समाधान किए जाने की मांग की। खांडसारी निर्माताओं का कहना था कि नए ड्राफ्ट में खांडसारी फैक्टरी की परिभाषा स्पष्ट नहीं है। निर्माताओं का कहना था कि खांडसारी फैक्टरी आमतौर पर कोल्हू व क्रशर के नाम से जानी जाती है। खांडसारी फैक्टरी में गुड़, शक्कर, खांडसारी व राब बनाई जाती है। निर्माताओं ने मंत्री से मांग की कि कोल्हू व क्रशर इकाईयां लगाने के लिए चीनी मिल से न्यूनतम दूरी का नियम हटाने की मांग की। इस मौके पर नगर से क्रशर स्वामी विनीत अग्रवाल व पुष्पेंद्र सिंह भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।