ग्राम पंचायत बिजनौरा के मजरा चक गुलाम अंबिया से गंगा एक्सप्रेसवे गुजर रहा है। यहां गंगा एक्सप्रेसवे पर काम भी चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक्सप्रेसवे बनने से यहां 100 साल पुराना रास्ता बंद हो गया है। रास्ते पर अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर पिछले कई माह से ग्रामीण एवं प्रधान डीएम से लेकर सीएम तक प्रार्थनापत्र देकर मांग कर चुके हैं, लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। शुक्रवार को गांव में सर्विस रोड बनाई जा रही थी। गुस्साए ग्रामीणों ने अंडरपास की मांग करते हुए कार्य रुकवा दिया और एक्सप्रेसवे पर धरने पर बैठ गए।
सूचना मिलते ही तहसीलदार और थाने से पुलिस पहुंच गई। इस दौरान ग्रामीणों ने निर्माण में लगे वाहनों को भी चार घंटे तक रोके रखा। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। तहसीलदार ने समाधान के लिए ग्रामीणों से दस दिन का समय मांगा है। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। इस मौके पर ग्राम प्रधान हेमराज सिंह गुर्जर, वीर सिंह, महीपाल सिंह, सुखवीर सिंह, रामस्वरूप सिंह, कैलाश सिंह, संजू सिंह, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।