ग्रामीणों ने गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे गांव पिपलौती खुर्द से गंगा नदी तक सर्विस रोड बनवाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मांग को लेकर जल्द ही धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे बन रहा है। मंगरौला की दिशा से पिपलौती की ओर गंगा एक्सप्रेस-वे के दोनों साइड में सर्विस रोड बनाया गया है। यह सर्विस रोड पिपलौती खुर्द में गंगा बांध के अंडरपास तक बना ही है। बुधवार को गांव निवासी मुतलिब अली के नेतृत्व में ग्रामीण आसिफ अली, यूसुफ चौधरी, जमशद अली, शराफ, असलम ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सर्विस रोड को गंगा बांध पिपतौती से लेकर गंगा नदी वाले पुल तक बनाया जाए।
सर्विस रोड के बनने से किसानों को अपने खेतों पर जाने के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सर्विस रोड नहीं बनाया गया तो जल्द ही इस संबंध में धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। एसडीएम विभा श्रीवास्तव का कहना है कि इस संबंध में कोई शिकायती पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। यदि ऐसी कोई मांग ग्रामीण कर रहे हैं, तो उसकी जांच कराई जाएगी।