तहसील बार एसोसिएशन ने नगर में अतरासी अड्डे से मंडी समिति तक बनाई जा रही 600 मीटर सीसी रोड व नाला निर्माण की धीमी गति पर रोष जताया। वकीलों ने कहा कि निर्माण के चलते रोजाना मार्ग पर जाम लगा रहा है। बुधवार को भी जाम की स्थिति बनी रही। उधर, वकीलों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाते हुए ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मुजाहिद चौधरी ने बताया कि जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 600 मीटर सीसी रोड व नाला निर्माण का काम 45 दिन पहले शुरू किया था। जबकि, काम को पूरा करने के लिए एक माह का समय दिया गया था। निर्माण कार्य के धीमी गति से चलने और रोड डायवर्जन न होने के कारण कई कई घंटे जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे तहसील हसनपुर को आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं,गन्ना किसानों व आम जनता को जाम से जूझना पड़ रहा है। वहीं, कई दिन से सड़क निर्माण का कार्य बंद है, जिससे वकीलों, व आसपास के लोगों में रोष है। तहसील बार हसनपुर के अध्यक्ष चंद्र सैन अग्रवाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख गंगासरन खड़गवंशी व महावीर सिंह चौहान तथा बार के पूर्व अध्यक्ष महिपाल सिंह, मेघराज सिंह, सुबोध शर्मा, वीर सिंह आदि ने भी कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की है।