गजराैला (अमरोहा)। सावन के चौथे सोमवार से पहले कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रविवार को दिल्ली-लखनऊ हाईवे कांवड़ियों के हवाले रहा। तड़के 4 बजे से हाईवे पर कांवड़ियों के जत्थे गुजरने लगे। हाईवे की दिल्ली जाने वाले वाहनों की लेन पर कार आदि वाहनों को भी रोक दिया गया।
सावन माह के अंतिम सोमवार पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रविवार को तड़के 4 बजे से ही कांवड़ियों के जत्थे गंतव्य की ओर रवाना होने लगे। ब्रजघाट से कांवड़ में गंगा जल भर कर कांवड़िये हाईवे पर आए तो उनकी दूर-दूर तक लाइन लग गई। वाहनों की लाइट जलाकर कांवड़िये गंतव्य की ओर रवाना हुए। हाईवे कांवड़ियों के हवाले हो गया।
दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों की लेन पर दूर-दूर तक कांवड़िये ही कांवड़िये दिखाई दे रहे थे। मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों की लेन पर सभी वाहन रोक दिए गए। कार आदि छोटे वाहनों को भी उस पर नहीं दौड़ने दिया। इस कारण सुबह 5 बजे यह लेन सूनी रही। उस पर इक्का दुक्का कांवड़िया ही या शिवभक्तों का ई-रिक्शा आदि दिखाई दिया।